आज़मगढ़।  शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि के मौके पर भक्तों का सैलाब देखने को मिला। सुबह से ही नगर और गांवों के शिवालयों में दर्शन, पूजन और जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले की गूंज से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने परिवार की खुशहाली और स्वास्थ्य की कामना करते हुए भगवान शिव का दूध, जल और गंगाजल से अभिषेक किया।

भवरनाथ मंदिर में भोर के लगभग तीन बजे से ही भक्त जुटने लगे। मंदिर के अंदर महिलाओं, पुरुषों और युवाओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई थीं। कई भक्त व्रत रखकर बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक में शामिल हुए। बेलपत्र, धतूरा, भांग, बेर और पुष्प अर्पित कर उन्होंने आशीर्वाद प्राप्त किया। बच्चों और महिलाओं में उत्साह देखते ही बन रहा था।
मंदिर परिसर के बाहर मेले जैसा माहौल रहा। पूजा-पाठ की सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ रही। प्रसाद, फूल-माला और शिवलिंग की छोटी प्रतिमाओं की बिक्री जोरों पर थी। कई श्रद्धालु परिवार के साथ आए, तो कुछ कांवड़ लेकर जल भरने और अभिषेक करने के लिए मंदिर पहुंचे।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मी लगातार श्रद्धालुओं से कतारबद्ध होकर दर्शन करने की अपील करते रहे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा उपाय किए गए।
भवरनाथ मंदिर के अलावा जिले के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी दिन भर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।