रिपोर्ट:अरुण यादव

आजमगढ़।  जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र स्थित फत्तनपुर मुस्तफाबाद गांव में होली का पर्व उस समय मातम में बदल गया, जब पोखरे में डूबने से दो किशोरियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार फत्तनपुर मुस्तफाबाद गांव निवासी 14 वर्षीय अंशिका और 18 वर्षीय शिवांगी होली खेलने के बाद गांव के पास स्थित पोखरे में नहाने गई थीं। नहाते समय दोनों अनजाने में गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना की जानकारी हुई, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों को पोखरे से बाहर निकाला गया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रानी की सराय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। होली जैसे खुशियों के पर्व पर हुई इस दर्दनाक हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है

थानाध्यक्ष निजामाबाद हीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों युवतियों की मौत पानी में डूबने से हुई है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।