आजमगढ़। जिले के हरिऔध कला केंद्र में सेफर इंटरनेट डे के अवसर पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, अध्यापकों और अभिभावकों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूक किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार कार्यशाला में  गम्भीर सिंह (अपर जिलाधिकारी वि०/रा०), राजेश कुमार मिश्रा (जिला आबकारी अधिकारी), चन्दन यादव (जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, एनआईसी) एवं  ओमप्रकाश जायसवाल (साइबर सेल, आजमगढ़) ने उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियाँ दीं।

कार्यशाला में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा करते हुए बताया गया कि जहां एआई शिक्षा और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक है, वहीं डीपफेक वीडियो और डेटा प्राइवेसी जैसे खतरों को लेकर सतर्क रहना भी जरूरी है। अधिकारियों ने किसी भी एआई टूल के उपयोग के दौरान व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी साझा न करने की सलाह दी।
वित्तीय सुरक्षा को लेकर बताया गया कि इंटरनेट बैंकिंग के दौरान केवल बैंक की आधिकारिक वेबसाइट और सुरक्षित नेटवर्क का ही उपयोग करें, सार्वजनिक वाई-फाई से लेन-देन से बचें और पासवर्ड व पिन को समय-समय पर बदलते रहें।
कार्यशाला में एआई के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग की शपथ दिलाई गई तथा सेफर इंटरनेट डे 2026 की वेबसाइट पर उपलब्ध वीडियो का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।