आज़मगढ़। जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र में  साइबर फ्रॉड के शिकार दो व्यक्तियों के खाते से गलत तरीके से कटे कुल 1,22,001 रुपये साइबर पुलिस की तत्परता और विधिक कार्रवाई के बाद आवेदकों के खाते में वापस कर दिए गए।

बीते  एक जून 2 को उदयभान सिंह पुत्र भोला सिंह, निवासी रामपुर गोधौरा, थाना जहानागंज, के खाते से चार बार ऑनलाइन लेनदेन के माध्यम से क्रमशः 50,000, 40,000, 5,000 और 3,000 रुपये कुल 98,000 रुपये कट गए थे। उदयभान सिंह ने उसी दिन साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर मामले की जानकारी दी। मामले की जांच के दौरान साइबर हेल्पडेस्क द्वारा विभिन्न खातों में अवैध रूप से ट्रांसफर हुए पैसे को होल्ड किया गया। तत्पश्चात, विधिक कार्रवाई पूरी होने के बाद बुधवार  को 98,000 रुपये उदयभान सिंह के खाते में वापस जमा कर दिए गए।

इसी प्रकार, दिनांक 26 जून को सूरज राय पुत्र सिद्धनाथ ने अपने मोबाइल नंबर से गूगल पे के माध्यम से सीमा यादव के मोबाइल नंबर पर 24,001 रुपये भेजे, जो गलत खाते में ट्रांसफर हो गए। सूरज राय ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। जांच में उक्त राशि को होल्ड किया गया और विधिक कार्रवाई के बाद बुधवार को यह राशि भी सूरज राय के खाते में वापस कर दी गई।