आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के नंदी भौजी के पास नेशनल हाइवे-233 आज़मगढ़-वाराणसी मार्ग प पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। स्कूली बच्चों को लेकर जा रही बस और ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत में 14 बच्चे घायल हो गए। जिसमे 4 छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भीषण टक्कर में बस में सवार बच्चों के साथ-साथ बस ड्राइवर और कंडक्टर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से लालगंज सौ शैया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि ठाकुर विद्या मंदिर लालगंज की स्कूली बस 22 बच्चों को लेकर वाराणसी की तरफ से आ रही थी उसकी टक्कर ट्रेलर में आमने-सामने हो गई। हादसे के बाद स्कूली बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गई। हादसे में बस पर सवार 14बच्चे घायल हो गए। वहीं, ड्राइवर कमलेश राय और कंडक्टर भीम भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घायल छात्रों में शिव प्रसाद 14 वर्ष पुत्र आनंद निवासी अमेठी थाना गंभीरपुर, प्रिया यादव 15 वर्ष पुत्री लालबहादुर यादव निवासी पन्दहा थाना मेहनगर, सौरभ 15 वर्ष पुत्र इंद्रेश कुमार निवासी मेहनगर, सागर उम्र 17 वर्ष पुत्र इंद्रेश निवासी मेहनगर, तेजस राय 12 वर्ष पुत्र पंकज राय निवासी अमौड़ा थाना गंभीरपुर, कृष्णा पुत्र राकेश सरोज 13 वर्ष निवासी गोमाडीह थाना गंभीरपुर, प्रतीक पुत्र आनंद 8 वर्ष निवासी बहादुरपुर थाना गंभीरपुर, प्रिया कुमारी पुत्री आनंद 8 वर्ष निवासी बहादुरपुर थाना गंभीरपुर, अंजलि पुत्री लालबहादुर निवासी पन्दहा थाना मेहनगर, सागर 18 वर्ष पुत्र इंद्रेश निवासी महगूपुर थाना गंभीरपुर, शिव प्रसाद 13 वर्ष पुत्र आनंद यादव निवासी बहादुरपुर थाना गंभीरपुर, अनन्या राय 8 वर्ष पुत्र प्रदीप राय निवासी गोसाई की बाजार थाना गंभीरपुर, आयुषी राय 12 वर्ष पुत्री हरिओम राय निवासी गोमाडीह थाना गंभीरपुर, अनुज गुप्ता 15 वर्ष पुत्र कृष्ण मुरारी निवासी गोसाई की बाजार गंभीरपुर शामिल है।
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए। हादसे के कारण नेशनल हाइवे कुछ देर तक तक जाम की स्थिति बनी रही।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर सुनते ही घायल बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंच गए ।
