रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में चोरी की कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद कर एक आरोपी व दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया है।

थाना बिलरियागंज पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल लेकर मसीरपुर पुलिया से तेन्दुआ नहर की ओर जा रहा है और उसे बेचने की फिराक में है। इस पर उपनिरीक्षक लवकुश कुमार मय हमराह मौके पर पहुंचे और तेन्दुआ नहर पुलिया से संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बृजभान यादव पुत्र राजकुमार उर्फ खरचु यादव निवासी ऊचाडीह सलेमपुर थाना बिलरियागंज  बताया।

ई-चालान एप से जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल का नंबर यूपी 50 बीके 5782 है, जो दिनेश जायसवाल निवासी पड़री परानपुर भीमबर आजमगढ़ के नाम पंजीकृत है। इस वहन के संबंध में बिलरियागंज में मुकदमा पहले से ही दर्ज है।   सख्ती से पूछताछ करने पर बृजभान ने बताया कि उसने अपने दोस्त सचिन कुमार पुत्र तुफानी राम निवासी मार्हाकर्मनाथ पट्टी थाना रौनापार के साथ 4-5 अगस्त की रात भीमबर बाजार से बाइक चोरी की थी। आरोपी के पास से एक चाकू व 120 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने मुकदमे में धारा 303(2)/317(2)/317(4) बीएनएस की बढ़ोत्तरी कर उसे गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।

वही, थाना रौनापार क्षेत्र में बीते 9 अगस्त की रात दो अलग-अलग घटनाओं में मोटरसाइकिल चोरी की शिकायतें दर्ज हुई थीं। पहली घटना में मनोज यादव निवासी सुदनीपुर की बाइक, जबकि दूसरी घटना में दिनेश यादव निवासी देवारा इस्माइलपुर की पत्नी के नाम पंजीकृत बाइक को अज्ञात चोर उठा ले गए थे। दोनों मामलों में  धारा 303(2) बीएनएस दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। कि मंगलवार को उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार मय हमराह टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुकदमों से जुड़े 2 नाबालिगों को  पुलिस अभिरक्षा में लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद बाइकें रसूलपुर नंदलाल से भीमबर की ओर लाई जा रही थीं। पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन  ने बताया कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है इसी का परिणाम रहा कि बिलरियागंज और रौनापार थाने की पुलिस ने चोरी की चार बाइकों के साथ एक युवक को गिरफ्तार जबकि  दो नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। गिरफ्तार युवक के खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज है। इनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।