आजमगढ़ ।  केन्द्र पोषित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनान्तर्गत जनपद के कृषकों को पीएम किसान निधि की 20वीं किस्त प्राप्त हुई। मुख्य कार्यक्रम वाराणसी, उ.प्र. में सम्पन्न हुआ, जिसमें  प्रधानमंत्री द्वारा किसानों को यह सुविधा प्रदान की गई। जनपद आजमगढ़ में केन्द्रीय मंत्री  अनुप्रिया पटेल, मा. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री भारत सरकार की उपस्थिति में कृषि महाविद्यालय कोटवा, आजमगढ़ में प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग कृषकों को दिखाई गई।

केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में केन्द्र पोषित योजनाओं की जानकारी दी और कृषकों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। जनपद के 6.86 लाख पंजीकृत कृषकों के खातों में पीएम किसान निधि की 20वीं किस्त के रूप में ₹137.31 करोड़ की राशि अंतरित की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री जी ने वाराणसी से देशभर के लगभग 9.60 करोड़ किसानों के बैंक खाते में 20वीं किश्त जारी की, जिसमें प्रदेश के 2.5 करोड़ तथा जनपद के 686569 किसान शामिल हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन कर योजनाओं का लाभ उठाएं। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने स्टॉलों का निरीक्षण किया।

उप कृषि निदेशक  पवन कुमार द्वारा आत्मा योजनान्तर्गत किसान मेला, मिलेट्स पुनरोद्धार योजनान्तर्गत मेला और खरीफ गोष्ठी आयोजित की गई। उच्च स्तर से मिले निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी विकास खण्ड मुख्यालयों, ग्राम सभा मुख्यालयों व साधन सहकारी समितियों पर लाइव स्ट्रीमिंग दिखाई गई। इसमें कृषि एवं सम्बंधित विभागों के लगभग 2000 कृषकों/उद्यमियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का संयोजन कृषि विभाग आजमगढ़ व कृषि विज्ञान केन्द्र कोटवा द्वारा जिलाधिकारी के निर्देश में किया गया। विभिन्न विभागों ने आकर्षक स्टॉल लगाकर कृषकों को जनहित में संचालित योजनाओं की जानकारी दी।

विशिष्ट अतिथि राम निवास वर्मा, जिलाध्यक्ष  ध्रुव कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, संयुक्त कृषि निदेशक, उपायुक्त स्व रोजगार, प्रभारी कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि अधिकारी व वैज्ञानिकों सहित कई विभागीय कर्मी मौजूद रहे।