आज़मगढ़। पुलिस विभाग में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कर्तव्यनिष्ठा, लगन और बेहतर कार्य निष्पादन के लिए सात पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा बुधवार को पुलिस कार्यालय आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक एवं उत्कृष्ट ढंग से निर्वहन करने वाले सात पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


सम्मानित किए गए पुलिसकर्मियों में निरीक्षक अशोक तिवारी (थाना जीयनपुर), उप निरीक्षक अक्षय सिंह (थाना मेंहनगर), उप निरीक्षक जावेद सिद्दीकी (थाना सिधारी), उप निरीक्षक कमालुद्दीन (थाना फूलपुर) और उप निरीक्षक संजय यादव (थाना देवगांव) शामिल हैं, जिन्होंने 15 दिसंबर से 21 दिसंबर 2025 के बीच विवेचना निस्तारण से जुड़े सभी मामलों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया ।


वहीं, मुख्य आरक्षी योगेन्द्र कुमार मौर्य (थाना गम्भीरपुर) को वाहनों के विधिसम्मत निस्तारण में उल्लेखनीय कार्य के लिए तथा महिला आरक्षी सुषमा सरोज (थाना गम्भीरपुर) को ऑनलाइन धोखाधड़ी से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की प्रभावी ट्रैकिंग के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे उत्कृष्ट कार्य पुलिस विभाग की कार्यशैली को मजबूत बनाते हैं । साथ ही उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों से भी प्रेरणा लेकर पूरी निष्ठा और मनोयोग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।