रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। एक बहन ने प्यार किया, शादी की और इसकी सजा उसके भाई को जान देकर चुकानी पड़ी। जीयनपुर थाना क्षेत्र के हरैया गांव में सोमवार को रात को दिल दहला देने वाली वारदात हुई। प्रेम विवाह से नाराज़ दबंगों ने महिला और उसके परिवार पर हमला किया। बहन की इज्जत और जान बचाने पहुंचे भाई को लोहे की रॉड से इस बेरहमी से पीटा गया कि उसका सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।  जबकि महिला और उसका पति गंभीर रूप से घायल हैं।

पीड़िता मंजू देवी ने बताया कि उसने 2011 में गांव के ही संदीप से प्रेम विवाह किया था। तभी से शैलेश नामक व्यक्ति, जो खुद को उनका चाचा कहता है, इस रिश्ते से चिढ़ा हुआ था। आए दिन गाली-गलौज, धमकी और मारपीट करता था।

रविवार को शैलेश और उसके परिजनों ने मंजू के भाई अजय की पत्नी, बच्चों, सास और जेठ के साथ मारपीट की। जब मंजू परिवार सहित थाने पहुंची तो पुलिस से भी न्याय नहीं मिला। मंजू ने पुलिस पर आरोप लगाया कि दरोगा ने उन्हें फटकार कर भगा दिया  गया व उनकी एक नहीं सुनी गई। यही नहीं उल्टे अजय को शांतिभंग में चालान कर दिया।

सोमवार शाम अजय जमानत पर रिहा हुआ और घर लौटा। आधे घंटे बाद मंजू और उसका पति संदीप सब्जी लेने निकले। जब लौटे तो देखा कि शैलेश, करण और देवाशीष गालियां देते हुए दरवाजे तक पहुंच गए थे। विरोध करने पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

जब अजय बहन को बचाने दौड़ा, तो शैलेश ने रॉड से उसके सिर पर वार किया। सिर फट गया और वह वहीं गिर पड़ा। चीख-पुकार मची तो गांव वाले दौड़े, लेकिन तब तक अजय दम तोड़ चुका था। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने अजय को मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि  उनपर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं, दोनों पक्षों में पुराना विवाद है। घटना में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन कर उनकी तलाश की जा रही है।