आजमगढ़। मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में गुरुवार शाम मण्डलायुक्त सभागार में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह की उपस्थिति रही।

आयुक्त ने जनपद आजमगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं में 17.59% की वृद्धि पर गहरा असंतोष जताया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण  को मण्डल के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। ब्लैक स्पॉट सर्वे के लिए लोक निर्माण, पुलिस, एनएचएआई और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों का गठन कर उन्हें आरटीओ के समन्वय में कार्य करने के लिए कहा गया।

सड़क सुरक्षा को लेकर हेल्मेट व सीट बेल्ट के अनुपालन पर संतोष व्यक्त किया गया, लेकिन चालान की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। स्कूली वाहनों की विशेष चेकिंग कर मानकों से कमतर पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई।

डीआईजी ने हिट एंड रन और राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा। साथ ही ग्रामीण सड़कों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाले स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, ब्लिंकर और साइनेज लगाने के निर्देश भी लोक निर्माण विभाग को दिए।

बैठक में जिलाधिकारी मऊ प्रवीण मिश्रा, बलिया डीएम मंगला प्रसाद सिंह, एसएसपी आज़मगढ़ हेमराज मीना समेत विभिन्न जनपदों के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।