आज़मगढ़।  प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अतरौलिया निरीक्षण भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कई अहम मुद्दों पर बेबाक राय रखी। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की हालिया मस्जिद यात्रा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मस्जिद हो, मंदिर हो, गिरजाघर या गुरुद्वारा ये सब इबादत के स्थल हैं, न कि राजनीति की चौपाल। बैठक करनी है तो घर में करें, धर्मस्थलों को राजनीति से दूर रखें।

जब अखिलेश यादव पर दर्ज एफआईआर से जुड़े सवाल पूछे गए तो राजभर ने स्पष्ट किया, यह प्रशासन का मामला है, सरकार इसमें हस्तक्षेप नहीं करती।

महिला सिपाहियों द्वारा ट्रेनिंग सेंटर में लगाए गए आरोपों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार अपना काम कर रही है, विपक्ष का काम है विरोध करना। हर ट्रेनिंग सेंटर होटल नहीं बन सकता। यदि कैमरे जैसी कोई गंभीर बात सामने आई है तो जांच कराई जाएगी और दोषी नहीं बचेंगे। राजभर ने यह भी कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी शिकायत को हल्के में नहीं लिया जाएगा।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ द्वारा भारत से बातचीत की इच्छा जताने के सवाल पर राजभर ने साफ कहा, भारत कभी पीछे नहीं हटा। मोदी जी ने सेना को खुली छूट दी और आतंक के ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। अब पाकिस्तान डरा हुआ है। भारत बुद्ध के विचारों वाला देश है लेकिन जवाब देना भी जानता है।