रिपोर्ट: अरुण यादव

                    

आजमगढ़। जनपद के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार देर शाम जमीनी विवाद और पैसे के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों घटनाओं में करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव की है, जहां 40 वर्षीया मिला देवी पत्नी रामप्रवेश का भूमि विवाद को लेकर पड़ोसियों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिसमें मिला देवी, 35 वर्षीया रेनू पत्नी दिनेश और 40 वर्षीया गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को सीएचसी मेहनाजपुर में भर्ती कराया गया।

दूसरी घटना जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बाजार खास मोहल्ला की है, जहां जमीन की बिक्री से जुड़े लेन-देन को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। इस झड़प में कन्हैया यादव, उनकी पत्नी प्रेमशिला, पुत्री खुशबू, बेटे आयुष व पीयूष समेत छह लोग घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष की दुर्गावती देवी ने आरोप लगाया कि उनके लापता पिता बेचन यादव को लेकर विवाद हुआ और मारपीट की गई, जिसमें उन्हें, उनकी भाभी मीरा देवी और बेटे सरवन को भी चोटें आईं।

सूचना पर पहुंची जीयनपुर पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और छह लोगों का शांति भंग की धारा में चालान किया गया। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।