रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के थाना बिलरियागंज पुलिस को मिली बड़ी सफलता, जहां जमीन बैनामा के नाम पर 20 लाख की ठगी कर फर्जी चेक देने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
बिलरियागंज पुलिस के अनुसार, दीपक सिंह निवासी ग्राम पड़री परानपुर, थाना बिलरियागंज द्वारा दिनांक 19 जून 2025 को थाना स्थानीय पर एक तहरीर दी गई। उन्होंने बताया कि वे टाइल्स एवं बिल्डिंग मैटेरियल के व्यवसायी हैं। बलिया जिले के ग्राम रतसड़ कला निवासी सूर्य प्रताप सिंह व उनके पिता प्रमोद सिंह से उनका परिचय हुआ। फरवरी 2023 में इन दोनों ने बताया कि उनकी सड़क किनारे जमीन है, जो वे बेचना चाहते हैं और प्लाटिंग कर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है।
दीपक सिंह ने अपने मित्रों रविकान्त सिंह और गुलशेर अहमद के साथ मौके पर जाकर जमीन देखी जो ग्राम तुर्कीबारी, तहसील बलिया सदर में स्थित थी। गाटा संख्या 152 की लगभग 22 विस्वा जमीन में से पाँच विस्वा पर सौदा 30 लाख में तय हुआ। दो साल के भीतर बैनामा करने की मौखिक सहमति बनी। इस दौरान दीपक ने सूर्य प्रताप और प्रमोद सिंह को 31 मार्च 2023 से 2 सितंबर 2024 के बीच किश्तों में कुल 20 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर किए।
बैनामा की बात आने पर दोनों अभियुक्त मुकर गए। काफी कहासुनी के बाद अमित सिंह की मध्यस्थता में आरोपी सूर्य प्रताप ने यूनियन बैंक, आजमगढ़ शाखा का 20 लाख रुपये का चेक (संख्या 39099, दिनांक 22.11.2024) दिया। लेकिन चेक डिसऑनर हो गया क्योंकि जिस खाते से चेक जारी था, वह प्रमोद सिंह के नाम पर था और उस पर फर्जी हस्ताक्षर सूर्य प्रताप ने किए थे।
जब इस धोखाधड़ी की जानकारी दीपक को हुई, तो उसने तत्काल दोनों से भुगतान की मांग की। मगर दोनों ने मुकदमा न करने की बात कहकर टालमटोल की। दिनांक 8 अप्रैल 2025 को जब दीपक अपने मित्रों के साथ अमित सिंह के घर पैसा मांगने गया तो अभियुक्तों ने गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना बिलरियागंज में धारा 406, 420, 467, 471, 504 व 506 आईपीसी के तहत दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक लवकुश कुमार को सौंपी गई।
जांच के क्रम में सोमवार को सुबहउपनिरीक्षक लवकुश कुमार ने टीम के साथ भीमबर पुलिया के पास से वांछित अभियुक्त सूर्य प्रताप सिंह उर्फ आर्यन सिंह पुत्र प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
