आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पेयजल स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पेयजल योजनाओं की प्रगति, गृह जल संयोजन और जनपद में स्वच्छता अभियान की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्राथमिकता के आधार पर लंबित पेयजल योजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित किया जाए और गृह जल संयोजन के कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में अब तक हुई प्रगति पर उन्होंने आंशिक संतोष जताया, लेकिन शेष कार्यों में गति लाने हेतु मैनपावर बढ़ाने और नियमित समीक्षा की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर संबंधित संस्था पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) राजेन्द्र कुमार, सभी कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजर, डीपीएमयू, टीपीआईए और डीडब्ल्यूएसएम के सदस्य उपस्थित रहे।
