आजमगढ़। नगर कोतवाली के  लक्षिरामपुर निवासी अविनाश सिंह बंटी ने कोतवाली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि  वे अपने मित्र की बहन के साथ हुई छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे थे, लेकिन वहा उनके साथ दुर्व्यवहार व फर्जी मुकदमे में फसाने की धमकी दी गई।

एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में  अविनाश ने आरोप लगाया कि हीरापट्टी गांव में कुछ दबंग युवकों द्वारा उनके मित्र की बहन  के साथ छेड़खानी की गई थी। इसी की शिकायत लेकर वे नगर कोतवाली पहुंचे थे। कोतवाल ने मामले को संज्ञान में लेते हुए पीड़िता को महिला कांस्टेबल के साथ मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। उसी समय कोतवाली गेट पर जिला चिकित्सालय में कार्यरत राकेश सिंह , जो आरोपी लड़के के चाचा बताए जा रहे है ने  महिला कांस्टेबल और पीड़िता से बातचीत करने लगे। आरोप है कि  पीड़िता पर दबाव बनाने लगे कि वह अपने बयान से मुकर जाए। उसने इसका विरोध किया तो राकेश सिंह ने उन्हें गालियां दीं। इसके बाद कोतवाली में कार्यरत कुछ पुलिसकर्मी  मौके पर पहुंचे और अविनाश समेत उनके साथ आए दो अन्य लोगों को जबरन खींचकर कोतवाली के अंदर ले गए। वहां उनके साथ गाली-गलौज की गई और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।

अविनाश का कहना है कि जब कोतवाल  को पूरे घटनाक्रम की जानकारी हुई, तो उन्होंने हस्तक्षेप कर सभी को डांटा और उसको घर जाने को कहा। पीड़ित युवक का दावा है कि घटना की पूरी वीडियो फुटेज उसके पास सुरक्षित है, जिसे वह उच्च अधिकारियों को सौंपने की तैयारी में है। कोतवाली गेट से कोतवाली में पुलिसकर्मियों के ले जाने का वीडियो भी अब वायरल हो रहा है।

इस मामले में एसपी ट्रैफिक  विवेक त्रिपाठी ने बताया कि थाना क्षेत्र कोतवाली में पॉक्सो एक्ट के तहत एक अभियोग पंजीकृत हुआ था । जिसमें नाबालिक लड़की के साथ अपराधिक कृत्य किया गया था। जो लोग नामजद थे उनके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इसमें एक संगठन के पदाधिकारी द्वारा यह बताया गया कि वह लड़की की तरफ से हैं। उनके द्वारा आरोप लगाया गया जबरन इस मामले में कुछ सेवानिवृत कर्मियों द्वारा समझौते का प्रयास कराया जा रहा था। इस बात पर वाद विवाद हो रहा था। सभी थाने के कुछ पुलिस कर्मियों द्वारा थाने के बाहर बात करने को कहा गया । इसी संबंध में संगठन के पदाधिकारी द्वारा अभद्रता का आरोप लगाया गया है। जिसकी जांच कराई जा रही है। जांच कर दोषियों पर जो भी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी वह की जाएगी।