आजमगढ़ । जिले के बरदह थाना क्षेत्र स्थित अवदह खास गांव में मंगलवार की रात भूमि विवाद के चलते एक दलित परिवार पर दुस्साहसी हमला किया गया। असलहों से लैस आरोपियों ने घर में सो रहे लोगों पर धावा बोला। इस दौरान एक महिला को अर्द्धनग्न कर दिया गया। हमलावरों ने पांच मोटरसाइकिलें, टेंट का सामान तोड़ा और उसमें आग लगा दी। परिवार को हथियार दिखाकर धमकाया गया और लाठी-डंडों से पीटा गया। घर में रखे मोबाइल, सोने की चेन, मंगलसूत्र लूट लिए गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने सात लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिवकुमारी पत्नी उमेश चंद, निवासी अवदह खास, ने आरोप लगाया कि उनके पति ने दुलारगंज बाजार में यूनियन बैंक के पास एक भूखंड खरीदा था, जिस पर मकान बना लिया गया। उस जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा है और वे मकान खाली कराने की धमकी दे रहे थे।

मंगलवार देर रात लगभग दो बजे गांव के रजवंत सिंह, बलवंत सिंह, दुश्यंत तथा तीन अन्य और विकास सिंह निवासीगण परसौली ने हथियारों से लैस होकर घर पर हमला कर दिया। घर के लोग उस समय गहरी नींद में थे। आरोपियों ने शिवकुमारी के पुत्रों राहुल, विशाल व विवेक पर हथियार तान दिए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौज की। विरोध करने पर मारपीट की गई। पीड़िता जब बचने की कोशिश कर रही थीं, तभी उनकी साड़ी खींच दी गई जिससे वह अर्द्धनग्न हो गईं। महिला का मंगलसूत्र और पति की सोने की चेन छीन ली गई। बाइकें, टेंट सामग्री, कैमरे तोड़ दिए गए और आग लगा दी गई। तीन बेटियों के मोबाइल भी छीने गए और डीवीआर भी उठा ले गए।