रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी

आजमगढ़। जिले में भाजपा के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष सूरज सिंह ने प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि आजमगढ़ में लगातार कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है, जिससे उनका मनोबल टूट रहा है और बड़ी संख्या में कर्मठ कार्यकर्ता दूसरी पार्टी में जा रहे है।

सूरज सिंह ने संगठन मंत्री भेजे पत्र में हाल ही में हुई एक बड़ी घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अतरौलिया के पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्येंद्र प्रताप उर्फ पिंटू सिंह ने भाजपा छोड़कर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का दामन थाम लिया है। यह सिर्फ एक नेता के जाने की बात नहीं है, बल्कि यह संकेत है कि पार्टी के अंदर संवाद और सम्मान की भारी कमी है।

उन्होंने बताया कि अतरौलिया विधानसभा में भी कई मंडल अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं। इसी तरह गोपालपुर विधानसभा से भी दो जिला पंचायत सदस्य और कुछ स्थानीय नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। आजमगढ़ सदर से भी दो जिला पंचायत सदस्य और 8–10 पुराने कार्यकर्ता सुभासपा में शामिल होने की तैयारी कर चुके हैं। अगर पार्टी ने समय रहते जिले के वरिष्ठ नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं की बात सुनी होती, उन्हें सम्मान दिया होता, तो आज यह हालात नहीं बनते।

उन्होंने राष्ट्रीय और प्रदेश संगठन से अपील की है कि वह कार्यकर्ताओं की बात सुने, सम्मान दे और उनके साथ मिलकर पार्टी को मजबूत बनाए। अगर जल्दी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो पार्टी की स्थिति वर्ष 2027 में जिले में और कमजोर हो जाएगी।

भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सूरज सिंह