आजमगढ़। जिले की पुलिस ने चोरी व गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी में आजमगढ़ उत्तर प्रदेश के टॉप-10 जिलों में शामिल हो गया है। प्रदेश स्तर पर जारी रैंकिंग में आजमगढ़ को आठवां स्थान प्राप्त हुआ है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में फरवरी 2024 से जून 2025 तक विशेष अभियान चलाकर जिले में अब तक 1963 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 60 लाख रुपये है, बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने जानकारी दी कि हाल ही में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 587 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 35 लाख रुपये) पुलिस लाइन में उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। ये सभी मोबाइल सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर खोजे गए थे।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पहले पायदान पर कासगंज, दूसरे पर सहारनपुर, तीसरे पर बांदा, चौथे पर एटा, पांचवें पर फतेहपुर, छठवें स्थान पर जालौन, सातवें स्थान पर मुजफ्फरनगर, आठवें स्थान पर आजमगढ़, नौवें स्थान पर सीतापुर व 10वें स्थान पर बदायूं जनपद है।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने कहा कि यह उपलब्धि आजमगढ़ पुलिस की सतत निगरानी, तकनीकी दक्षता और नागरिकों के सहयोग से संभव हुई है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।