रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र में गोकशी करने के मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से दो लकड़ी के ठीहे, दो लोहे के चापड़ और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
बीते सोमवार को ग्राम सुलेमापुर, चकिया और मीरपुर के चौकीदार इदरीश पुत्र हनीफ ने पवई थाने में तहरीर दी थी कि चकिया गांव के पास मझूई नदी में प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष फेंके गए हैं। इस सूचना पर थाना पवई में धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम के अंतर्गत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान तीन अभियुक्तों के जलालुद्दीन उर्फ लंगड़ा पुत्र अख्तर,अफसर अली उर्फ बबलू उर्फ राज पुत्र मजहर अली और सहाबुद्दीन पुत्र गुलाम नबी निवासीगण सोहगूपुर घोसियाना, थाना जैतपुर, जनपद अम्बेडकरनगर का नाम प्रकाश में आया।
बुधवार को पवई थाने के उपनिरीक्षक श्रीकेश यादव और सुर्लभ पांडेय ने मुखबिर की सूचना पर गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के चकिया अंडरपास के पास से अफसर अली और सहाबुद्दीन को गिरफ्तार किया। उनके पास से दो लकड़ी के ठीहे, दो लोहे के चापड़ और एक हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट भी बढ़ाई गई। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आवारा पशुओं को सुनसान स्थानों पर काटते हैं, चमड़ा निकालकर ले जाते हैं और अन्य अवशेष को बोरी में भरकर फेंक देते हैं। 3/4 अगस्त की रात उन्होंने दो प्रतिबंधित पशुओं को काटकर अवशेष मझूई नदी पुलिया के नीचे फेंक दिए।
