आजमगढ़। रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य-पेय पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापक अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर इस कार्यवाही को अंजाम दिया गया।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में छापामार टीम ने सगड़ी तहसील के सियरहा से छेना मिठाई, बेसन लड्डू, बर्फी, छेना तथा पटवध से गुलाब जामुन के नमूने लिए। मार्टिनगंज तहसील से बर्फी व गुलाब जामुन, करतालपुर से पनीर, मिल्क केक, और छेना मिठाई के नमूने एकत्र कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए। आज कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। पिछले 3 दिनों में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 36 नमूने एकत्र किए जा चुके हैं।

इसके साथ ही, ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ के माध्यम से लालगंज तहसील के गोसाई बाजार में 21 खाद्य पदार्थों की जांच मौके पर की गई, जिनमें से 3 नमूने मानक के विपरीत पाए गए। संबंधित खाद्य कारोबारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने आमजन को खाद्य जांच की विधियां समझाईं और उन्हें खाद्य सुरक्षा से संबंधित कानूनों के बारे में जागरूक किया। सचल प्रयोगशाला अगले सात दिनों तक जिले के विभिन्न तहसीलों में भ्रमण कर निःशुल्क जांच और तत्काल परिणाम प्रदान करेगी।

सहायक आयुक्त (खाद्य) सुशील कुमार मिश्र ने कहा कि त्योहार को देखते हुए छापेमारी अभियान जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पैक्ड खाद्य पदार्थ खरीदने से पहले उसकी बेस्ट बिफोर व एक्सपायरी डेट जरूर जांचें, और चमकीली मिठाइयों से परहेज करें।

छापेमारी दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी, अमर नाथ, गोविंद यादव, राजीव कुमार सिंह, रजनीश कुमार, शीत कुमार सिंह व बेबी सोनम शामिल रहे।