आजमगढ़ । जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना की संयुक्त अध्यक्षता में हरिऔध कला केन्द्र आजमगढ़ में आगामी त्योहार रक्षा बंधन, चेहल्लुम, स्वतंत्रता दिवस, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, ईद-उद-मिलाद/बारावफात आदि के दृष्टिगत जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि 02 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम चलाया जा रहा है। 12 अगस्त को तिरंगा मेला एवं म्यूजिकल कांसर्ट आयोजित होगा। 09 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन महिलाओं की सुरक्षा हेतु सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तिरंगे के ऊपर कोई अन्य झंडा न हो तथा झंडा झुका न हो। झण्डा निर्धारित साइज एवं मानक के अनुसार ही होना चाहिए। 14 अगस्त को चेहल्लुम एवं विभाजन विभीषण स्मृति दिवस मनाया जाएगा।
15 अगस्त को जहां-जहां तिरंगा फहराया जाए, वहां साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। अमृत सरोवर पर भी झंडा फहराया जाए और गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया जाए। विद्युत विभाग को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन निर्बाध आपूर्ति हेतु निर्देशित किया गया। विद्युत से संबंधित सभी समस्याएं समय पर निस्तारित हों और किसी प्रकार की घटना पर संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई हो। जहां तारों से पेड़ की शाखाएं टकरा रही हों, वहां वन एवं विद्युत विभाग मिलकर छंटाई करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रात सुरक्षा हेतु पुलिस बल तैनात रहे। सभी त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाएं, नई परंपरा की शुरुआत न करें। मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण करें। शांति समिति का उद्देश्य तिरंगे का सम्मान, महिलाओं की सुरक्षा और जुलूस व विसर्जन में शांति बनाए रखना है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से त्योहार सम्पन्न कराएं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने कहा कि रक्षाबंधन के दिन दुर्घटना व चोरी न हो, इसकी निगरानी की जाए। सीओ/एसएचओ चेहल्लुम के जुलूस मार्गों का निरीक्षण करें और जुलूसों के साथ पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें। ताजिये की ऊंचाई 12 फीट से अधिक न हो। संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस बल लगाया जाए। स्वतंत्रता दिवस व हर घर तिरंगा कार्यक्रम शांतिपूर्वक सम्पन्न हो।
बारावफात पर जुलूस मार्ग का व्यक्तिगत निरीक्षण करें। डीजे संचालकों को पहले ही पाबंद करें। त्योहारों पर निर्धारित डेसीबल में धार्मिक गाने ही बजें। अश्लील या भावनाएं आहत करने वाले गीत न चलें। डीजे पर 4 स्पीकर से अधिक न लगें। सभी लोग आपसी भाईचारे से त्योहार मनाएं। कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्वक त्योहार सम्पन्न हों। बैठक में थानावार शांति समिति के सदस्यों की समस्याएं व सुझाव सुने गए। उनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी राहुल विश्वकर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, ग्रामीण चिराग जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुनील कुमार धनंवता सहित समस्त एसडीएम, सीओ, एसएचओ, अधिकारीगण एवं विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
