आजमगढ़। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक जिला कार्यालय पर गुरुवार को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की और संचालन हरिप्रसाद दुबे ने किया। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं जिलाध्यक्ष ने संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और विधायक आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है और अब वह वोटर लिस्ट में हेराफेरी कर चुनाव जीतना चाहती है। बिहार में 65 लाख नामों की कथित रूप से सूची से कटौती कर भाजपा को लाभ पहुँचाने की कोशिश की गई, जिसकी पोल अब खुल चुकी है।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि पी.डी.ए. पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक की एकजुटता से भाजपा डरी हुई है और चुनाव में बेईमानी का सहारा ले सकती है। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार की नीतियों से त्रस्त जनता 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।
विधायक अखिलेश यादव, कमलाकांत राजभर और बेचई सरोज ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, दमन और अत्याचार का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता बदलाव चाहती है और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना चाहती है। पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव ने सुझाव दिया कि गांव-गांव में पी.डी.ए. की चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया जाए।
बैठक में प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही, जिनमें विधायक आलम बदी, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व विधायक श्याम बहादुर यादव, पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर, अजीत कुमार राव, हरिश्चंद्र यादव, डॉ. अनीता, विवेक सिंह, संतोष गौतम, वसीमुद्दीन अहमद, पूनम श्रीवास्तव, इंजीनियर अभिषेक यादव सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
