आजमगढ़। कुलाधिपति के निर्देश पर महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में ‘हर घर तिरंगा-2025’ अभियान का भव्य आगाज़ हुआ। कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने इसे सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत महाअभियान बताते हुए विभिन्न समितियों के गठन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम में उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी, क्योंकि यह भारत की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे से जुड़ा हुआ उत्सव है।

कुलपति ने कहा कि भारत सरकार, राजभवन एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 2 अगस्त से 15 अगस्त तक यह कार्यक्रम उत्सव की तरह मनाया जाना है। इस अवसर को सिर्फ विश्वविद्यालय या महाविद्यालय की चारदीवारी में सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि छात्र-छात्राओं के माध्यम से समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि कुलपति के निर्देशों पर कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने विभिन्न समितियां गठित कर उन्हें दायित्व सौंप दिए हैं। प्रत्येक गतिविधि पर कुलसचिव स्वयं नजर रख रहे हैं और समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

8 अगस्त को तिरंगा प्रेरित चित्रकला, रंगोली, राखी व धागा निर्माण प्रतियोगिताएं। 9 से 12 अगस्त: तिरंगा मेला, सेल्फी बूथ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, एनसीसी/एनएसएस द्वारा साइकिल व बाइक रैली। 13 से 15 अगस्त: परिसर को तिरंगे की रौशनी से सजाने के साथ तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को व्यापक रूप से प्रसारित करना।

कुलपति ने सभी प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक कार्यक्रम समयबद्ध व प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। क्योंकि इस कार्यक्रम पर शासन-प्रशासन के साथ जनमानस की भी निगाहें टिकी हुई हैं। विश्वविद्यालय में चल रही तैयारियों में उपकुल सचिव केशलाल, सहायक कुलसचिव डॉ. महेश श्रीवास्तव, संयोजक प्रो. प्रशांत राय सहित डॉ. प्रवेश, डॉ. घनश्याम, डॉ. निधि, डॉ. प्रियंका, डॉ. सूर्य प्रकाश, डॉ. शशि प्रकाश, डॉ. सपना आदि सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।