आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बुधवार को सगड़ी तहसील क्षेत्र के ग्राम चक्की हाजीपुर का दौरा कर बाढ़ की संभावित स्थिति का जायजा लिया। यह गांव घाघरा नदी के जल स्तर में वृद्धि के कारण सबसे पहले प्रभावित होता है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामवासियों से संवाद कर प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। ग्रामवासियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया लेकिन झुके हुए विद्युत पोल, लटकते तार एवं विद्युत आपूर्ति की समस्याएं भी सामने रखीं। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद विद्युत विभाग के अधिकारी को तत्परता से पोल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के बारे में जानकारी ली। ग्रामवासियों द्वारा योजना की जानकारी न होने की बात पर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लोगों को इस योजना के बारे में जागरूक कर लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना आम जनमानस के लिए बहुत उपयोगी है और इसमें आकर्षक सब्सिडी भी उपलब्ध है।
ग्राम में पशुओं के टीकाकरण की जानकारी भी ली गई, जिसमें खुरपका-मुंहपका समेत आवश्यक टीकों के लगाए जाने की पुष्टि ग्रामवासियों ने की। जिलाधिकारी ने बाढ़ की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सगड़ी तहसील में घाघरा नदी का डेंजर लेवल 71.68 मीटर है, और निरीक्षण के समय जल स्तर 71.5 मीटर तक पहुँच चुका है। इस स्थिति में सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने मेन रोड से कनेक्ट होने वाली कच्ची सड़क की ऊँचाई बढ़ाने का आश्वासन भी ग्रामवासियों को दिया ताकि राहत और बचाव कार्य में सुविधा हो।। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय चक्की हाजीपुर के कक्षों और रसोई घर का भी निरीक्षण किया गया। बच्चों से मिड डे मील के बारे में जानकारी ली गई, जिसमें दाल-चावल की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।
