रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया, आज़मगढ़। वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. कौशल किशोर मिश्रा का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर।
नगर पंचायत निवासी एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी डॉ. कौशल किशोर मिश्र का शनिवार तड़के लगभग 4 बजे असामयिक निधन हो गया। वे करीब 90 वर्ष के थे और पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। इलाज लखनऊ में एक निजी अस्पताल में चल रहा था। उनके निधन की खबर मिलते ही जनपद सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग बब्बर चौक स्थित उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने लगे।
डॉ. मिश्रा ब्राह्मण चेतना समिति के मंडलीय अध्यक्ष रह चुके थे। वर्तमान में प्रदेश उपाध्यक्ष थे। वर्ष 1973 में उन्होंने ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ा था, जिसमें वे दूसरे स्थान पर रहे। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सक्रिय सदस्य रहे और राम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। आंदोलन के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने में उनका विशेष योगदान रहा। श्रम प्रकोष्ठ क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्र ने उनके निधन को ‘अपूर्णनीय क्षति’ बताते हुए कहा, ‘उनका जाना ऐसा दुख है जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। सामाजिक कार्यों में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा, ‘डॉ. मिश्रा हमारे मार्गदर्शक थे, उनका यूं चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है।
डॉ. सरोज पांडेय ने प्रार्थना की कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
जगदीश पांडेय ने कहा, ‘उनका जाना हम सभी के लिए गहरा आघात है, भगवान उन्हें अपने चरणों में स्थान दें।’
पुत्र रजनीकांत उर्फ गुड्डू, वैभव कांत उर्फ बबलू, पिंटू मिश्र ने भी निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
डॉ. मिश्रा के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनके सामाजिक योगदान और प्रेरणादायक व्यक्तित्व को हमेशा स्मरण किया जाएगा।