रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिला अस्पताल के महिला वार्ड में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब शौचालय से एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल स्टाफ ने तुरंत शौचालय को ताला लगाकर बंद कर दिया और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवजात किसका था और उसे शौचालय में क्यों छोड़ा गया। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि यह सामाजिक कलंक या अन्य निजी कारणों से उठाया गया कदम हो सकता है। घटना से अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आर. के. पासवान ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। शौचालय को सुरक्षित कर पुलिस को जानकारी दी गई। बाद में पुलिस की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। उन्होंने कहा, हमने तत्काल कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच पुलिस कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नवजात की मौत के कारणों और परिस्थितियों पर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
