आजमगढ़। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर हरीऔध कला केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में निवेशकों और शहर व आसपास के गांव के लोगों को नई पर्यटन नीति तथा होम स्टे नीति की जानकारी दी गई। अब घर के कुछ कमरे गेस्ट हाउस के तौर पर चलाकर आम लोग भी कमाई कर सकते हैं।


कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी, डीसी प्रशासन जीएसटी और जिला पर्यटन अधिकारी ने दीप प्रज्वलन कर किया। जिला पर्यटन अधिकारी ने उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति और नई होम स्टे व बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि नए होटल, ढाबा, वाटर पार्क, रिजॉर्ट और होमस्टे निर्माण पर पर्यटन विभाग 25% सब्सिडी दे रहा है। इसके अलावा, कोई भी भवन स्वामी अपने घर के 6 कमरे गेस्ट हाउस के तौर पर चला सकता है। यह योजना पूर्ण रूप से अव्यवसायिक है।

कार्यक्रम में हरिहरपुर घराने के कलाकार द्वारा भजन प्रस्तुत किया गया। जयनाथ सिंह और सूरज श्रीवास्तव ने अपने विचार साझा किए। उद्यमी डा0 सुबोध ने अपने उद्यम जगत के अनुभव और सरकार से प्राप्त सहायता के बारे में जानकारी दी।

उद्यमियों में अनुराग रूंगटा (अध्यक्ष, आई.आई.ई.ए.), रितम अग्रवाल, अभिषेक जायसवाल, राबिन, गोविंद दूबे, विवेक राय सहित कई अन्य गणमान्य उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मोहन मिश्रा ने किया। इस नीति की अधिक जानकारी हरीऔध कला केंद्र स्थित जिला पर्यटन कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।