रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव में रविवार की रात उस समय हड़कंप मच गया जब मामूली चोरी के विवाद ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। दो बच्चों के बीच हुए झगड़े ने देखते ही देखते पूरे गांव को हिंसा के माहौल में झोंक दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, सिधारी थाना क्षेत्र में रात करीब आठ बजे बच्चों के बीच चोरी के आरोप को लेकर विवाद शुरू हुआ। मामला बढ़ा तो एक पक्ष के परिजन मौके पर आ धमके और पत्थरबाजी करने लगे। सूचना मिलते ही डायल 112 की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। लेकिन हालात संभलने के बजाय और बिगड़ गए। दलित बस्ती के लोगों ने पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया।

इस दौरान पत्थरबाजी में पीआरवी वाहन का शीशा टूट गया और एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई। बताया गया कि गांव के कुछ लोगों ने एक युवक को चोरी के शक में पकड़ रखा था और पुलिस को सूचना दी थी। जैसे ही आरोपी युवक के परिजन पहुंचे, उन्होंने न केवल ग्रामीणों से उलझना शुरू किया बल्कि पुलिस पर भी पत्थर चलाने लगे।

स्थिति को बिगड़ता देख सिधारी थाना से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। भारी मशक्कत के बाद हालात काबू में आए। पुलिस ने दलित बस्ती में दबिश देकर चार युवकों को हिरासत में लिया। साथ ही इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

थाना प्रभारी हिमेंद्र सिंह ने बताया कि पत्थरबाजी करने वालों की वीडियोग्राफी कराई जा रही है और चिन्हित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी चल रही है।