आजमगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद गांधी हाल में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी पूरी दुनिया को प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि बापू की सोच के कारण ही 2 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस घोषित किया गया।उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री दोनों स्वतंत्रता संग्राम की मूल भावना का प्रतिनिधित्व करते हैं।


हमें उनके जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की जरूरत है। जिलाधिकारी ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का असली उद्देश्य उनके विजन की समीक्षा करना है।यदि हम उस दिशा में पीछे हैं, तो आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि समस्याएं कितनी भी हों, यदि आप आपदा में अवसर ढूंढ़ते हैं, तो समाज में आपका नाम अमर रहता है।
गांधी जी के दृढ़ विश्वास और अहिंसा की राह ने ही हमें स्वतंत्रता दिलाई।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल बाहर की सफाई नहीं, बल्कि मन, वचन और कर्म की शुद्धि भी है। हमें समाज के अंतिम पायदान तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनहित में सकारात्मक सोच के साथ काम करने की अपील की। कहा कि अच्छे कार्य ही सेवानिवृत्ति के बाद भी नाम को जीवित रखते हैं।

इस अवसर पर अन्य अधिकारियों ने भी गांधी और शास्त्री के जीवन पर विचार रखे।
हरिहरपुर के गायक ने ‘‘रघुपति राघव राजा राम’’ और ‘‘वैष्णव जन’’ की प्रस्तुति दी।

छात्राओं का सम्मान

शासन के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित हुआ। इसके अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता तीन वर्गों—जूनियर, सीनियर और सामान्य—में कराई गई।

जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान पाने पर त्रिसा यादव, जनता इंटर कॉलेज अहिरौला को ₹51,000 का पुरस्कार मिला।
दूसरा स्थान अर्पिता, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अजमतगढ़ को ₹21,000 और तीसरा उम्मे कुलसुम, आदर्श इंटर कॉलेज हंडिया को ₹11,000 मिला।

सीनियर वर्ग में प्रथम भावना विश्वकर्मा, साईं कॉलेज ऑफ एजुकेशन महिला महाविद्यालय लालगंज को ₹51,000 दिया गया।
द्वितीय अंकिता, सुशीला राय महिला महाविद्यालय सरायमोहन को ₹21,000 और तृतीय नंदिनी सैनी, बाबा बैजनाथ जी महाविद्यालय किशुनदासपुर को ₹11,000 से सम्मानित किया गया।

सामान्य वर्ग में प्रथम स्थान अनुराग मौर्य, ब्लॉक सठियांव को मिला जिन्हें ₹51,000 का पुरस्कार दिया गया। दूसरा स्थान शालिनी विश्वकर्मा, मंदुरी को ₹21,000 और तीसरा निवेदिता अस्थाना, शनिचर बाजार फूलपुर को ₹11,000 दिया गया।

जिलाधिकारी ने विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को ऐसे आयोजनों से प्रेरणा मिलती है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

इस मौके पर कलेक्ट्रेट के अधिकारी, कर्मचारी, जीजीआईसी की छात्राएं और अध्यापिकाएं मौजूद रहीं।