रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी

आजमगढ़। जिले  के हरैया ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर शुक्रवार की तैयारियों के बीच शनिवार, 4 अक्टूबर को फ्लोर टेस्ट होने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्यों के बीच राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। हर राजनीतिक दल अपने पक्ष में सदस्यों को लाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है, वहीं प्रशासन भी सुरक्षा और प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है।


प्रशासन ने पूरे परिसर में सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत चार पुलिस क्षेत्राधिकारी, छह मजिस्ट्रेट और लगभग 400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा डेढ़ दर्जन सब-इंस्पेक्टर और दो प्लाटून पी.ए.सी. के जवान भी मैदान में हैं। मतदान स्थल और परिसर की निगरानी के लिए 14 वाई-फाई कनेक्टेड सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ड्रोन कैमरों से भी पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। परिसर के बाहर लगे भवनों में भी सशस्त्र पुलिस बल तैनात हैं।

गेट से लेकर मतदान स्थल तक बैरिकेडिंग कर दी गई है। पीठासीन अधिकारी श्याम प्रताप सिंह ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देश के अनुसार चर्चा और आवश्यकता होने पर मतदान कराया जाएगा। चर्चा सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें दो घंटे का समय रखा गया है। कोरम पूरा होने के बाद ही मतदान होगा और पूरी कार्यवाही बंद लिफाफे में उच्चतम न्यायालय को भेजी जाएगी।

शनिवार को कुल 100 क्षेत्र पंचायत सदस्य इस प्रक्रिया में भाग लेंगे। सभी राजनीतिक दल अपने उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन जुटाने में जुटे हैं। फ्लोर टेस्ट के परिणाम से हरैया ब्लॉक की राजनीतिक दिशा स्पष्ट हो जाएगी।