
रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले में पिछले 17 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुई हल्की फुहार धीरे-धीरे तेज़ बारिश में बदल गई। रातभर पानी बरसता रहा और शनिवार की भोर तीन से पांच बजे के बीच बारिश ने और रफ्तार पकड़ ली। अभी भी जिले में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे आमजन और किसान दोनों परेशान हैं।
बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई है और उमस से लोगों को राहत मिली है, लेकिन खेतों में खड़ी धान की फसल इस पानी से बुरी तरह प्रभावित हो रही है। कई इलाकों से खबर है कि तेज हवा और पानी के दबाव से धान की लहलहाती फसलें खेतों में झुककर गिर गई हैं। किसान बताते हैं कि इस समय फसल से बाल और कुछ पकने की ओर है और ऐसी स्थिति में खेतो में पानी और तेज़ हवाए भारी नुकसान पहुंचा सकती है।
शहर के मोहल्लों और बाज़ारों में भी बारिश ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। जगह-जगह जलभराव से गलियां और मुख्य मार्ग पर पानी नजर आ रहे हैं। कई इलाकों में नालियों का पानी घरों और दुकानों में घुस गया है।
त्योहार और मेलों पर भी बारिश का असर साफ दिख रहा है। शुक्रवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम था, लेकिन लगातार पानी बरसने से जगह-जगह असुविधा हुई। भीड़ भी कम जुटी। वहीं कई जगहों पर लगने वाले मेले बारिश की भेंट चढ़ गए। आयोजकों को उम्मीद थी कि पर्व के मौके पर बड़ी संख्या में लोग आएंगे, लेकिन बरसात के चलते लोगों को निराशा हाथ लगी।
फिलहाल अभी आज भी इसी तरह के मौसम की संभावना जताई जा रही है। यानी अभी लोगों और किसानों दोनों की परेशानी खत्म होती नहीं दिख रही है।
