रिपोर्ट:अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के तरवा थाना क्षेत्र के असुरायन गांव में प्रेम-प्रपंच के चलते गुरुवार की दोपहर एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस को सूचना दिए बिना ही परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, असुरायन गांव निवासी 16 वर्षीय संजीव राजभर उर्फ टमाटर पुत्र दीनदयाल राजभर एक निजी विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र था। गांववालों ने बताया कि उसका गांव की एक किशोरी से प्रेम संबंध था। जब यह बात दोनों परिवारों को पता चली तो उन्होंने दोनों पर सख्त निगरानी रखनी शुरू कर दी।

परिजनों ने छात्र के किशोरी के घर के पास से आने-जाने पर रोक लगा दी, जिससे वह तनाव में रहने लगा। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे जब घरवाले कमरे में पहुंचे, तो छात्र रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार गाजीपुर जनपद के सैदपुर में कर दिया।

वहीं तरवां थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।