रिपोर्ट: अरुण यादव


आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली  क्षेत्र में प्रेम संबंध विफल होने पर युवक ने खुद को गोली मारकर परिजनों पर झूठा वारदात का आरोप लगाने की साजिश रची। पुलिस ने  छापेमारी कर तीनों आरोपियों को टिकरी गांव से गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पिस्टल तथा जिन्दा और खोखा कारतूस बरामद कर लिए।

गिरफ्तार आरोपी

बीते बुधवार  को परिजन मो. कैफ (पुत्र जलालुद्दीन) निवासी टिकरी, थाना देवगांव, जनपद आजमगढ़ ने कोतवाली देवगांव में तहरीर देकर बताया कि दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसके चचेरे भाई मो. शफीक शेख (पुत्र जैनुद्दीन) निवासी टिकरी पर पिस्टल से फायर कर दिया, जिससे शफीक के बाएं कंधे के नीचे गोली लगी और उसे टीकरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर, बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर किया।
पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई।

बरामद पिस्टल

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को घटना स्थल पर एक मजरूब के दुकान का कैश मेमो मिला जिस पर असलहों के फायर के निशान देखे गए। जांच-पड़ताल में आरोपियों के कड़ी पूछताछ से खुलासा हुआ कि यह पूरा घटनाक्रम साज़िशन रचा गया था। टिकरी निवासी संदीप यादव (पुत्र जमुना यादव) ने स्वीकार किया कि वह और मो. कैफ व मो. शफीक ने मिलकर योजना बनाई थी कि शफीक स्वयं अपने बाएं कंधे के नीचे गोली मार लेगा और बाद में इसे यह दिखाया जाएगा कि बाहरी व्यक्ति ने हमला किया, ताकि लड़की के परिजनों पर झूठे मुकदमें दर्ज करवाए जा सकें। आरोपितों ने कैश मेमों के गत्ते को मोड़कर शफीक के कंधे के नीचे रखा था ताकि घबराहट में गोली कुछ दूरी से लगी दिखे।

एसपी सिटी ने बताया कि  प्रभारी निरीक्षक देवगांव के नेतृत्व में  शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर टिकरी गांव से तीनों अभियुक्तों मो. शफीक शेख (पुत्र जैनुद्दीन), मो. कैफ (पुत्र जलालुद्दीन) और संदीप यादव (पुत्र जमुना यादव) —को हिरासत में लिया गया। तलाशी में घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक जिन्दा एवं एक खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।