रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के गम्भीरपुर थाने की पुलिस ने अपराध पर नकेल कसते हुए दो शातिर सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है, जो दूसरों के आधार कार्ड पर अपनी फोटो लगाकर लूट और चोरी की योजना बना रहे थे। दोनों पर पहले से गैंगेस्टर, गोवध निवारण, पशु क्रूरता और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। बुधवार की शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विषहम मोड़ के पास दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। भागने की कोशिश में दोनों करीब 70 मीटर दूर खेत में छिपे थे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान फैसल पुत्र जुम्मन और महबूब पुत्र जुम्मन निवासीगण ग्राम गौरी, थाना गम्भीरपुर, आज़मगढ़ के रूप में हुई है। तलाशी में पुलिस ने एक ग्रेनडर मशीन, एक रम्मा, दो लोहे की ब्लेड और दो आधार कार्ड बरामद किए, जिन पर अलग-अलग फोटो लगी थीं।
जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी दूसरे व्यक्तियों के आधार कार्ड पर अपनी फोटो लगाकर पहचान छिपाने की कोशिश कर रहे थे। इनके खिलाफ थाना गम्भीरपुर में में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि फैसल के खिलाफ 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गोवध निवारण, गैंगेस्टर एक्ट, पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। वहीं महबूब पर भी करीब 4 संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें गोवध निवारण अधिनियम, गैंगेस्टर एक्ट और चोरी जैसे अपराध शामिल हैं।
