रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। अग्निवीर की तैयारी के लिए घर से दौड़ लगाने निकले दो युवकों में से एक का शव  सड़क किनारे गड्ढे में मिलने से हड़कंप मच गया, जबकि दूसरा साथी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। यह हादसा बरदह थाना क्षेत्र के गोठाव ग्राम स्थित बौद्ध बिहार मोड़ के पास हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रीवाचक गांव निवासी 20 वर्षीय इरशाद और 21 वर्षीय दीवाकर दोनों अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे थे। रोज की तरह पुलिस भर्ती व सेना की तैयारी के लिए दोनों बाइक से गंभीरपुर–सिसवारा–मार्टिनगंज मार्ग पर दौड़ने निकले थे। इसी दौरान बरदह क्षेत्र में पहुंचने पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।

हादसे में दीवाकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने नंदाव बाजार स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया। वहां से उसकी नाजुक हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल होने के कारण दीवाकर कुछ भी बताने में असमर्थ था।

इधर, इरशाद का शव सुबह से लेकर देर शाम तक सड़क किनारे गड्ढे में पड़ा रहा। देर शाम जब स्थानीय लोगों ने पानी में उतराया शव देखा तो पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर सीओ भूपेश पांडेय व थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त कराई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान इरशाद के रूप में की। चार भाइयों में इरशाद तीसरे नंबर पर था। उसकी मौत की खबर सुनते ही मां यास्मीन बानो समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।