आज़मगढ़।राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा माह अक्टूबर के अवसर पर आजमगढ़ पुलिस ने दीपावली पर्व को जन-जागरूकता से जोड़ते हुए एक अनोखी पहल की। दीपावली के शुभ अवसर पर जिले के सभी थानों को दीपकों से सजाया गया, वहीं साइबर अपराध से बचाव के संदेशों को रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित कर नागरिकों को सतर्क व जागरूक रहने की अपील की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ० अनिल कुमार के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के नेतृत्व में यह विशेष साइबर सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर रंगोली के माध्यम से साइबर सुरक्षा संदेशों का प्रसार किया। थानों में साइबर अपराध से सतर्क रहें, अजनबी लिंक पर क्लिक न करें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें जैसे चेतावनी संदेश आकर्षक रूप में उकेरे गए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले ऑनलाइन ठगी जैसे अपराधों से लोगों को जागरूक करना और साइबर सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना रहा। साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है जागरूकता। नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नज़दीकी थाने पर दें।
आजमगढ़ पुलिस की यह पहल जनसहभागिता के माध्यम से सुरक्षित डिजिटल वातावरण की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हो रही है।
