आज़मगढ़। करीब एक माह पूर्व नगर के सिधारी स्थित पठान टोला में सात वर्षीय मासूम शहज़ेब की हुई हत्या के मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में सहयोग के लिए शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के एमएलसी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली आगे आए। उन्होंने अपने आवास पर पीड़ित के पिता साहेब आलम को 50 हज़ार रुपये का चेक सौंपकर आर्थिक मदद की।

इस अवसर पर सपा एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली ने कहा कि यह घटना बेहअफ़सोसनाक है। मासूम बच्चे की हत्या ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को  जब तक न्याय नहीं मिल जाता, वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहेंगे। गुड्डू जमाली ने कहा कि जरूरत पड़ने पर आगे भी हर संभव मदद की जाएगी, चाहे वह कानूनी सहायता हो या आर्थिक सहयोग।

बता दें कि बीते 25 सितंबर को सिधारी के पठान टोला निवासी सात वर्षीय मासूम शहज़ेब की हत्या कर उसके शव को बोरे में रखकर घर के गेट पर टांग दिया गया था। इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपी जेल में हैं। घटना के दिन ही आरोपित शैलेंद्र उर्फ मंटू निगम और उसके भाई राजा निगम को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। वहीं दूसरे दिन अन्य आरोपितों में पिता राजू प्रसाद निगम, मां उर्मिला देवी, बहन रिंकी निगम और एक नाबालिग छोटी बहन शामिल हैं।