आज़मगढ़। छठ महापर्व पर आज शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जिलेभर की महिलाएं नदी-तालाबों के घाटों पर जुटेंगी। मंगलवार भोर में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत संपन्न करेंगी। पूजा की तैयारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली गई है।

छठ पर्व के मौके पर आजमगढ़ जिले के 925 घाटों पर महिलाएं निर्जला व्रत रखकर सूर्य देव की उपासना करेंगी। आज शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद मंगलवार की भोर में व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। पूजा समितियों के पदाधिकारी घाटों को सजाने-संवारने में जुटे रहे, साथ ही कई स्थानों पर छठ माता की प्रतिमा भी स्थापित की गई

जिले में सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने तीन सुपर जोन, छह जोन और 25 सेक्टर बनाए हैं। कुल 3500 महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मी, खुफिया विंग, पीएसी और महिला आरक्षी घाटों से लेकर आवागमन मार्गों तक तैनात रहेंगे। भीड़ वाले स्थानों पर डायल-112 की गाड़ियां लगातार भ्रमण करेंगी।

एक अनुमान के मुताबिक लगभग पांच लाख श्रद्धालु इस पर्व में शामिल होंगे। कार्यक्रम की निगरानी थानाध्यक्षों के साथ सभी सर्किल के सीओ लगातार करते रहेंगे। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।