आजमगढ़। छठ पूजा के दौरान घाटों पर आस्था का ऐसा अलौकिक दृश्य देखने को मिला कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो उठा। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के पल में जब चारों ओर दीपक की लौ टिमटिमाने लगी और वातावरण ‘छठ मइया’ के गीतों से गूंज उठा, तो श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। घाटों पर पहुंचे लोग इस नजारे को अपने कैमरों में कैद करने के लिए आतुर दिखे।

परिवार की व्रती महिलाओं के साथ लोग फोटो खिंचवाने के साथ-साथ सेल्फी लेने से भी नहीं चूके। कई युवाओं ने घाट से लाइव वीडियो कॉल कर अपने परिजनों को भी इस अद्भुत दृश्य का हिस्सा बनाया। कुछ ने सोशल मीडिया पर रियल टाइम स्टोरी डालकर छठ महापर्व की भव्यता को दूर बैठे प्रियजनों तक पहुंचाया। घाटों पर हर ओर कैमरे की फ्लैश और मोबाइल लाइट्स चमकती दिखीं, मानो आस्था और आधुनिकता एक साथ उत्सव मना रही हों।