आजमगढ़। जिला गंगा समिति और सामाजिक वानिकी प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के प्रांगण में मंगलवार को गंगा उत्सव बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं के बीच चित्रकला, भाषण और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की पहल पर आयोजित यह गंगा उत्सव वर्ष 2008 में गंगा नदी को ‘राष्ट्रीय नदी’ घोषित किए जाने की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में मनाया जा रहा है। आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर गंगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी रचनात्मकता दिखाई।
चित्रकला प्रतियोगिता में संजना राजभर ने प्रथम, रिया विश्वकर्मा व अंशिका सिंह ने द्वितीय और अमिषा यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में अनुष्का निषाद प्रथम, प्रगति चौहान द्वितीय और श्रेया पाण्डेय तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में अमृता कश्यप प्रथम, सिद्धि गुप्ता द्वितीय और आलिया रंजन तृतीय रहीं। विजेताओं को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम और कवि रामधारी सिंह दिनकर की पुस्तकें, ड्रॉइंग किट, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा प्रकाशित चाचा चौधरी कॉमिक्स और विशेष किट भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रभागीय निदेशक (भा.व.से.) सुश्री आकांक्षा जैन एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रधानाचार्या श्रीमती रूबी खातून मौजूद रहीं। अपने सम्बोधन में सुश्री जैन ने नदियों की स्वच्छता और प्लास्टिक प्रदूषण के उन्मूलन पर जोर देते हुए छात्राओं से जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव लाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्या महोदया ने गंगा उत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शमा शेख ने किया जबकि आभार ज्ञापन डॉ. दीपिका ने किया। समापन प्रभागीय निदेशक, प्रधानाचार्या, उप प्रधानाचार्या और एनसीसी छात्राओं द्वारा पौधरोपण के साथ हुआ।
इसके अलावा सामाजिक वानिकी प्रभाग और जिला गंगा समिति द्वारा मनरेगा की सहायता से जिले के सभी 22 ब्लॉकों में नदियों के किनारे पौधरोपण से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जा रहा है।
