आजमगढ़। जिले  के थाना कप्तानगंज में शनिवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में साइबर हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया, जिसमें पुलिस–पब्लिक संवाद, रिटायर्ड कर्मियों का सम्मान, चौकीदारों को सामग्री वितरण और छात्राओं को साइबर सुरक्षा व मिशन शक्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० अनिल कुमार  सहित पुलिस अधिकारी, सम्भ्रान्तजन और स्कूली छात्राएं शामिल हुईं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  डॉ0 अनिल कुमार  ने शनिवार को थाना कप्तानगंज में नवनिर्मित साइबर हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया। इस डेस्क के संचालन से साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण, पीड़ितों की समयबद्ध सहायता तथा तकनीकी अपराधों की रोकथाम में बड़ी सहायता मिलेगी।

उद्घाटन के बाद एसएसपी ने थाना क्षेत्र के वरिष्ठ एवं सम्भ्रान्त नागरिकों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने सामाजिक समन्वय, कानून-व्यवस्था की स्थिति, बढ़ते साइबर अपराध, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार और पुलिस–पब्लिक साझेदारी को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में आगे रिटायर्ड पुलिस कर्मियों/पेंशनर्स को साल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही ग्राम सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चौकीदारों को टॉर्च, सीटी व आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई। यह कदम पुलिस सेवा दे चुके पूर्व कर्मियों के सम्मान और जमीनी स्तर पर कार्यरत कार्मिकों के मनोबल को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके साथ ही थाना क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आई स्कूली छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं मिशन शक्ति के अंतर्गत जागरूक किया गया। एसएसपी ने छात्राओं को ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, महिला सुरक्षा उपाय और मिशन शक्ति से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। छात्राओं ने भी साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे जिनका उत्तर देकर उन्हें विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारीगण
अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह, थाने के अधिकारी/कर्मचारी, रिटायर्ड कर्मी/पेंशनर्स, सम्भ्रान्तजन तथा बड़ी संख्या में विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं मौजूद रहीं।