आज़मगढ़। पुलिस लाइन आजमगढ़ में विभिन्न नवीन सुविधाओं का भव्य उद्घाटन पुलिस उप महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा किया गया।

पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण, सुविधा और कल्याण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से फायरिंग सिम्यूलेटर, आधुनिक क्लासरूम, पुलिस मेस और क्रेच हाउस सहित कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का शुभारंभ किया गया। नवनिर्मित अन्नपूर्णा पुलिस मेस में स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जिससे पुलिसकर्मियों को बेहतर पोषण और आराम मिलेगा। सरस्वती एवं शारदा नामक दो अत्याधुनिक क्लासरूम आधुनिक तकनीक, स्मार्ट बोर्ड, प्रोजेक्टर एवं शिक्षण सामग्री से सुसज्जित हैं, जिससे प्रशिक्षण और अधिक प्रभावी होगा। पुलिस प्रशिक्षण को वास्तविक परिस्थितियों जैसा अनुभव दिलाने के लिए फायरिंग सिम्यूलेटर ‘द्रोणाचार्य’ की शुरुआत की गई। वहीं, महिला कर्मियों के बच्चों की देखभाल हेतु क्रेच हाउस ‘नन्हे सितारे’ भी शुरू किया गया, जिसमें सुरक्षित और शिक्षाप्रद माहौल उपलब्ध है। इसके अलावा सिविल डिफेंस यूनिट की भी स्थापना की गई, जो आपदा प्रबंधन, बचाव और राहत कार्यों को सुदृढ़ करेगी।


कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी परिक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी राहुल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण  चिराग जैन एवं क्षेत्राधिकारी नगर  शुभम तोदी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।