रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी

आज़मगढ़।   आज़मगढ़ पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दूसरी मुठभेड़ को अंजाम दिया है। इस मुठभेड़ में भी पुलिस ने लूट, चोरी, छिनैती में शामिल बिहार गैंग के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। वाराणसी, गाज़ीपुर, प्रयागराज और आज़मगढ़ सहित कई जिलों में गंभीर अपराधों में वांछित यह अपराधी शहर में बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहा था। गिरफ्तार अपराधी ने ही बीते आठ नवम्बर को कोलबाजबहादुर मोहल्ले में सरेराह महिला के गले से चेन छीनकर फरार हुआ था।

बीती रात करीब साढ़े 12 बजे शहर कोतवाली पुलिस टीम ने मोहटी घाट मेन रोड तिराहा के पास चेकिंग के दौरान शातिर अपराधी पिन्टू उर्फ अशोक, निवासी भिटारी थाना लोहता जिला वाराणसी को मुठभेड़ में घायल कर दबोच लिया।चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आठ नवम्बर को कोलबाजबहादुर में हुई चैन-छिनैती में शामिल अपराधियों में से एक अवैध असलहे के साथ मोहटी घाट के पास किसी बड़ी वारदात की फिराक में छिपा है। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा रणनीतिक घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने की कोशिश की गई, जिस पर अपराधी भागने लगा और पुलिस पर दो राउंड फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर पकड़ा गया।

अभियुक्त के विरुद्ध वाराणसी, प्रयागराज, गाजीपुर और आज़मगढ़ समेत कई जिलों में  दस से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वृद्ध महिला की चैन छीनने की वारदात उसने अपने साथी विशाल उर्फ बाबू बीडी के साथ मिलकर की थी।

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के कब्ज़े से  एक फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल, एक तमंचा कारतूस और छिनैती की सोने की चेन शामिल है। फोरेंसिक टीम ने तमंचा, कारतूस, खूनालुदा मिट्टी, फिंगरप्रिंट और हैंडस्वैब समेत सभी साक्ष्य एकत्र कर सील किए हैं।

गौरतलब है कि सोमवार–मंगलवार की रात कंधरापुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बिहार गैंग के शातिर अपराधी त्रिभुवन सिंह उर्फ गोलू, पुत्र पप्पू सिंह, निवासी सिकन्दरपुर, थाना कोतवाली, जिला गाजीपुर तथा पंकज पासवान, पुत्र राजेन्द्र पासवान, निवासी ग्राम डिडखिली, थाना दुर्गावती, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार को गिरफ्तार किया था।