आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कई विभागों की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में लापरवाही पर कार्रवाई, बैंक द्वारा बिना कारण आवेदन रिजेक्ट करने पर एफआईआर, छात्रवृत्ति आवेदन में लापरवाही करने वाले स्कूलों पर चार्जशीट, निर्माणाधीन परियोजनाओं में गुणवत्ता जांच और समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा
जिलाधिकारी ने कहा कि एक-एक आवेदक को बुलाकर दस्तावेज़ों की जांच की जाए और जिनके कागज़ पूरे हों उनकी सूची मुख्य विकास अधिकारी को दी जाए। बिना कारण बैंक द्वारा आवेदन निरस्त करने पर आवेदक की तहरीर लेकर बैंक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। सभी लंबित आवेदनों को एक सप्ताह में निस्तारित करें।
LDM को चेतावनी दी गई कि यह प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है, लापरवाही पर कठोर कार्रवाई होगी।
वेंडर्स व विद्युत विभाग की धीमी प्रगति पर नाराज़गी
जनपद के वेंडर्स से लाभार्थियों की संख्या व रजिस्ट्रेशन की स्थिति पूछते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वेंडर्स व विद्युत विभाग समन्वय बनाकर अधिक लोगों को लाभ दिलाएं। प्रगति धीमी मिलने पर सुधार के निर्देश दिए और आवश्यकतानुसार कैंप लगाने को कहा।
छात्रवृत्ति आवेदन में लापरवाही,बॉटम 10 स्कूलों पर कार्रवाई
सोशल सेक्टर समीक्षा में डीएम ने कहा कि छात्रवृत्ति आवेदन कम अग्रसारित होने से रैंक प्रभावित हुई है।
बॉटम 10 स्कूल चिन्हित कर प्रधानाचार्यों को चार्जशीट भेजने का निर्देश दिया।
कम से कम 20 विद्यालयों की जांच कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि आवेदन करने वाले छात्र वास्तव में वहीं पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बॉटम 10 स्कूलों को बोर्ड परीक्षा में सेंटर न बनाया जाए।
जल जीवन मिशन: बजट न मिलने पर भी कार्य जारी रखें
अधिशासी अभियंता द्वारा बजट न मिलने की जानकारी पर डीएम ने कहा कि कार्य बंद न करें, बजट मिलते ही भुगतान किया जाएगा।
50 लाख व 50 करोड़ से ऊपर की परियोजनाओं की समीक्षा
50 लाख तक की परियोजनाओं में डीएम ने सभी कार्यदायी संस्थाओं से प्रगति बढ़ाने और माह के अंत तक पूर्ण होने वाली परियोजनाओं को हर हाल में पूरा करने को कहा।
उन्होंने गुणवत्ता जांच समिति से निरीक्षण कराने और कमी मिलने पर नामित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने को कहा।
50 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं में डीएम ने धनाभाव वाली योजनाओं के लिए शासन स्तर पर पैरवी कर धनराशि स्वीकृत कराने के निर्देश दिए।
सेतु निगम को हाजीपुर–गोलाघाट सेतु निर्माण कार्य में गति लाते हुए अगले वर्ष तक पूर्ण करने को कहा।
अन्य विभागों की समीक्षा
डीएम ने ग्राम विकास, पीएम/सीएम आवास, आईसीडीएस, महिला एवं बाल विकास विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाते हुए ग्रेडिंग व रैंकिंग सुधार सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, एडीएम, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
