रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया, आज़मगढ़। करीब दो सप्ताह पूर्व गोरथानी गांव में पशुशाला में घुसकर प्रतिबंधित पशु काटने और चोरी करने के मामले में वांछित चल रहे ₹25 हज़ार के इनामी अपराधी करीम को पुलिस मुठभेड़ में घायल/गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और अवैध मांस बिक्री से अर्जित ₹3,200/- बरामद किए। जांच में अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर किए गए पशु चोरी और वध की घटनाओं की पूरी कहानी स्वीकार की।
बीते दिनांक 8 और 9 नवम्बर की रात्रि में ग्राम गोरथानी में वादी राजू पुत्र हरिराम की दो प्रतिबंधित पशु चोरी और काटे जाने की घटना हुई थी। इसके बाद 18 नवम्बर 2025 को पुलिस ने मुकदमे से जुड़े दो अभियुक्तों इरफान और शहजादे आलम को घटना में प्रयुक्त सामान के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
शनिवार को तड़के थाना अतरौलिया पुलिस रात्रि चेकिंग अभियान के दौरान सुखीपुर अंडरपास के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे की ओर से मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर आरोपी ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी करीम पुत्र मकसूद अहमद बाएँ पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। फरार आरोपी आरिफ पुत्र इरफान की गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की गई है।
पुलिस की पूछताछ में करीम ने बताया कि वह अपने साथियों आरिफ, इरफान, एकलाख अहमद, शमीम और शहजादे आलम के साथ मिलकर प्रतिबंधित पशुओं की चोरी और वध की घटनाओं को अंजाम देता था। उन्होंने खुलासा किया कि 08/09 नवम्बर को ग्राम गोरथानी में दो पशु काटे गए और मांस को सफेद कार में भरकर ले जाया गया। अवैध मांस की बिक्री से अर्जित धन को समूह में बांटा गया।
पुलिस फरार आरोपी आरिफ पुत्र इरफान, ग्राम नगपुर, थाना जलालपुर, जनपद अंबेडकरनगर की तलाश में जुटी है।
