आज़मगढ़। जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के औचक निरीक्षण में भारी अनियमितताएं सामने आईं। मगरावां पीएचसी पर चिकित्सक और स्टाफ बिना सूचना के अनुपस्थित मिले, वहीं बेलऊ में फार्मासिस्ट भी बिना पूर्व सूचना के गायब पाए गए और आरोग्य मेले में मरीजों की संख्या अत्यंत कम मिली। कई कर्मियों की अनुपस्थिति पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने उनके अनुपस्थित दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए।

मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य चिकित्साधिकारी की टीम ने जनपद के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मगरावां का निरीक्षण किया गया, जहाँ कई गंभीर अनियमितताएँ पाई गईं। चिकित्सक डॉ. अतुल कुमार गुप्ता  22,23 नवम्बर को बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा वार्डब्वॉय इसरार 21, 22 और 23 नवंबर को लगातार गैरहाजिर रहे। स्वीपर वसीम अहमद भी 23 नवंबर को बिना सूचना अनुपस्थित मिले। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने तीनों कर्मचारियों के अनुपस्थित दिवस के वेतन काटने के निर्देश जारी कर दिए।

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलंदरपुर पहुँची टीम ने पाया कि केंद्र पर आरोग्य मेले का आयोजन किया जा रहा था। सभी व्यवस्थाएं सामान्य पाई गईं।

इसके बाद टीम पीएचसी बेलऊ पहुँची, जहाँ आरोग्य मेले का आयोजन तो चल रहा था, लेकिन मरीजों की संख्या अपेक्षा से काफी कम पाई गई। मुख्य चिकित्साधिकारी ने मरीजों की संख्या बढ़ाने हेतु चिकित्सक को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं फार्मासिस्ट निरीक्षण के दौरान बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिन्हें स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया गया है।

अंत में निरीक्षण टीम पीएचसी नंदाव पहुँची, जहाँ आरोग्य मेले के दौरान चिकित्सा सेवाएँ सुचारू मिलीं। निरीक्षण के समय तक 100 मरीजों का उपचार किया जा चुका था।