आज़मगढ़। दहेज के कारण रिश्ते टूटने की घटनाएं अक्सर सुर्खियों में रहती हैं, लेकिन आजमगढ़ में सामने आया ताज़ा मामला लोगों को हैरान कर देने वाला है। यहां दहेज में न कार की मांग थी, न मोटी रकम की मांग ऐसी थी कि दुल्हन आगबबूला हो उठी और विदाई से पहले ही ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया। नतीजा यह हुआ कि सभी रस्में पूरी होने के बावजूद शादी मौके पर ही टूट गई और बारात खाली हाथ लौटने पर मजबूर हो गई।
मामला जिले के सरायमीर कस्बे का है। कस्बे की एक युवती की शादी जौनपुर के जैतपुर कस्बे के एक युवक से लगभग एक वर्ष पहले तय हुई थी। शनिवार को धूमधाम के साथ बारात दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची। स्वागत, सत्कार और जयमाला की रस्में पूरे हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुईं। फेरे तक सब कुछ सामान्य रहा। माहौल में खुशी का रंग था, लेकिन एक रस्म ने पूरे आयोजन को विवाद में बदल दिया।
फेरे होने के बाद जूता चुराई की रस्म शुरू हुई। दुल्हन पक्ष ने 20 हजार रुपये की मांग रखी। थोड़ी बहुत नोकझोंक के बाद दूल्हा पक्ष ने यह रकम दे दी। माहौल में हल्की हंसी-मज़ाक भी हुआ, लेकिन कोई अंदेशा नहीं था कि असली विवाद अब शुरू होने वाला है।
‘मड़वा हिलाने’ की रस्म के दौरान दूल्हे के चाचा मोतीलाल अचानक दुल्हन पक्ष से एक भैंस या एक लाख रुपये की डिमांड करने लगे। पहले तो सभी ने इसे मज़ाक समझा, लेकिन चाचा अपनी मांग पर अड़ गए। यह मांग दुल्हन पक्ष को बेहद अपमानजनक लगी। बात समझाने की कोशिश हुई, लेकिन विवाद बढ़ता गया।
तनाव इतना बढ़ा कि दुल्हन ने खुद आगे आकर साफ शब्दों में कह दिया कि वह ऐसे लालची परिवार में कदम नहीं रखेगी। दुल्हन के इस फैसले से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लड़की के माता-पिता और मौसी यह सुनकर बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
उधर बाराती माहौल बिगड़ता देख धीरे-धीरे स्थल से निकलने लगे। आक्रोशित लड़की पक्ष ने दूल्हे, उसके पिता और चाचा को वहीं बंधक बना लिया। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सरायमीर थानाध्यक्ष निहारनंदन कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका। रविवार पूरे दिन पंचायत चलती रही, पर बात नहीं बनी। आखिरकार शादी टूट गई। देर शाम दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन के ही बारात लेकर वापस लौट गया।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के लिखित बयान लेकर मामले की जांच कर रही है। दहेज को लेकर हुआ यह विवाद स्थानीय इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और
