आज़मगढ़। जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में बीएससी छात्र नितिन यादव और फरिहा गांव की शीला देवी की मौत हो गई। दोनों हादसों से परिवारों में कोहराम मच गया।


मिली जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के हदीशा दयालपुर गांव में दोपहर करीब दो बजे ट्रैक्टर पलटने से 21 वर्षीय नितिन यादव की जान चली गई। नितिन, जो बीएससी की पढ़ाई के साथ ट्रैक्टर भी चलाता था, जोताई कर घर लौट रहा था। गांव के समीप खड़े एक अन्य ट्रैक्टर को क्रॉस करते समय उसका ट्रैक्टर असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर पर साथ बैठे विजय कूदकर बच गए, लेकिन नितिन वाहन के नीचे दब गया। ग्रामीणों ने उसे निकालकर गोडहरा बाजार स्थित डॉक्टर के पास पहुँचाया, जहाँ उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। नितिन दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। पिता मुंबई में ऑटो रिक्शा चलाते हैं। परिजनों ने शाम तक उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

इसी दिन निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव में सड़क पार करते समय वाहन की टक्कर से 45 वर्षीय शीला देवी की मौत हो गई। वह खेत में उपला लेने गई थीं और लौटते समय किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने पहुँचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शीला के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और वह चार पुत्रों व दो पुत्रियों का पालन-पोषण कर रही थीं।