आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में तहसील सगड़ी के सभागार में आज संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध और लापरवाही से मुक्त होना चाहिए। इस अवसर पर कुल 125 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग के 80, पुलिस के 37, विकास के 6 और अन्य 2 मामले शामिल थे।
जनसुनवाई के दौरान विद्युत बिल में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए गए कि सरकार द्वारा दी जा रही छूट का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। इसके लिए पम्पलेट तैयार कर तहसील, ब्लॉक, नगर पंचायत और सभी सरकारी कार्यालयों में चिपकाया जाए।
जिलाधिकारी ने अवैध कब्जों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसीलदार और एसएचओ समन्वय करके कब्जाधारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करें। कोर्ट के निर्देशों के अनुसार चकरोट और चकमार्गों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।
उपनिदेशक कृषि को निर्देश दिए गए कि फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाए जाए। ब्लॉक, पंचायत और तहसील स्तर पर कैंप लगाकर किसानों का रजिस्ट्री कराना सुनिश्चित करें।
ठंड में अंत्योदय कार्ड धारकों और पिछले दो साल से कंबल न पाने वाले जरूरतमंदों को कंबल वितरित करने की समीक्षा की गई। अधिकारियों को रात्रि भ्रमण कर असहाय गरीबों तक मदद पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में मिड-डे मील, स्वेटर और अन्य सरकारी सुविधाओं का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करने और मौके पर जाकर दोनों पक्षों को बुलाकर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, उप जिलाधिकारी बूढ़नपुर, तहसीलदार बूढ़नपुर और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
