आज़मगढ़। पुलिस लाइन में वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के तहत आयोजित निःशुल्क बृहद स्वास्थ्य शिविर में पुलिस कर्मियों और परिवारजनों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
रिज़र्व पुलिस लाइन, जनपद आज़मगढ़ में रविवार को वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के माध्यम से निःशुल्क बृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ।
शिविर में होम्योपैथी विभाग के डॉ. योगेन्द्र कुमार यादव, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी आज़मगढ़, तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वीरेन्द्र कुमार यादव अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने पुलिस कर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और विभिन्न रोगों से बचाव हेतु जरूरी चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
40 वर्ष से अधिक आयु की महिला पुलिस कर्मियों एवं पुलिस परिवारजन के लिए विशेष चिकित्सा सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गईं। पैप स्मीयर और मैमोग्राम जांच हेतु ओपोलोमेडिक्स अस्पताल, लखनऊ द्वारा निःशुल्क टेस्ट कूपन वितरित किए गए, जिससे महिलाओं को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिला।
कार्यक्रम में मधुबन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा, पुलिस कल्याण शाखा के अधिकारी-कर्मचारी, आरटीसी के आईटीआई/पीटीआई, रिक्रूट महिला आरक्षी सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी-कर्मचारी एवं परिवारजन उपस्थित रहे और शिविर से लाभान्वित हुए।
यह स्वास्थ्य शिविर पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य संवर्धन तथा कल्याण के उद्देश्य से वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन की एक सराहनीय पहल साबित हुआ।
